₹900 का सिलेंडर ₹1800 में बिक रहा, गांवों में अब 45 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग

₹900 का सिलेंडर ₹1800 में बिक रहा, गांवों में अब 45 दिन बाद ही होगी अगली बुकिंग

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर अब भारत के घरेलू बाजार पर भी दिखने लगा है। LPG सप्लाई प्रभावित होने से देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत हो गई है। कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर कालाबाजारी भी तेजी से बढ़ गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बिहार के कई शहरों में करीब ₹900-₹1000 में मिलने वाला घरेलू LPG सिलेंडर ₹1800 तक बेचा जा रहा है। वहीं मध्य प्रदेश में करीब ₹1900 का कॉमर्शियल सिलेंडर ₹3500 से ₹4000 तक में बिकने की शिकायतें सामने आई हैं।

होटल-रेस्टोरेंट इंडक्शन पर शिफ्ट

कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने का असर होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी पड़ा है। कई जगहों पर होटल संचालकों ने गैस की जगह इंडक्शन चूल्हों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। जयपुर के जयंती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता के अनुसार पहले जयपुर में हर महीने करीब 2500 से 3000 इंडक्शन चूल्हे बिकते थे, लेकिन गैस संकट के बाद इनकी मांग करीब 50% तक बढ़ गई है।

गांवों में बदल गया सिलेंडर बुकिंग नियम

गैस की सीमित उपलब्धता को देखते हुए सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सिलेंडर बुकिंग नियम में बदलाव किया है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संसद में बताया कि अब ग्रामीण इलाकों में एक सिलेंडर लेने के बाद अगला सिलेंडर कम से कम 45 दिन बाद ही बुक किया जा सकेगा। पहले यह अवधि 25 दिन थी, लेकिन बढ़ती मांग और सीमित सप्लाई के कारण इसे बढ़ाकर 45 दिन कर दिया गया है।

सरकार का कहना है कि इससे गैस की उपलब्धता को संतुलित करने में मदद मिलेगी और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सिलेंडर पहुंच पाएगा।