ईरान युद्ध पर सऊदी का सख्त रुख, क्राउन प्रिंस MBS ने ट्रंप को जारी रखने को कहा हमला

ईरान युद्ध पर सऊदी का सख्त रुख, क्राउन प्रिंस MBS ने ट्रंप को जारी रखने को कहा हमला

मध्य पूर्व में चल रहे तनाव के बीच ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई पर नए खुलासे सामने आए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस Mohammed Bin Salman ने अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump को ईरान पर हमले तेज रखने की सलाह दी है।

अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद शुरू हुआ संघर्ष अब तीसरे सप्ताह में पहुंच गया है। इस दौरान ट्रंप प्रशासन पर युद्ध को जारी रखने या उसे रोकने को लेकर भारी दबाव बना हुआ है। बताया जा रहा है कि ट्रंप लगातार पश्चिम एशिया के सहयोगी देशों के नेताओं से संपर्क में हैं और उनसे हालात पर राय ले रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने जवाबी कार्रवाई में सऊदी अरब, कतर, बहरीन और कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ऐसे में इन देशों की सुरक्षा चिंताएं भी बढ़ गई हैं। इसी वजह से अमेरिका इन सहयोगी देशों से लगातार बातचीत कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सऊदी नेतृत्व चाहता है कि ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए कड़ी सैन्य कार्रवाई जारी रखी जाए। सऊदी अरब और ईरान के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण रिश्ते रहे हैं, इसलिए इस तरह की सलाह को क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

व्हाइट हाउस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक ट्रंप ने पहले संकेत दिया था कि यह सैन्य अभियान करीब चार से छह हफ्तों तक चल सकता है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मार्च के अंत में उनकी प्रस्तावित चीन यात्रा के समय भी यह युद्ध जारी रह सकता है।

हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईरान की परमाणु सुविधाओं पर नियंत्रण या तेहरान में सत्ता परिवर्तन जैसे बड़े लक्ष्य हासिल करने हैं तो जमीन पर सेना उतारना पड़ सकता है। लेकिन ईरान जैसे बड़े देश में लंबी सैन्य मौजूदगी बनाना अमेरिका के लिए आसान चुनौती नहीं होगी। फिलहाल दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि आगे अमेरिका इस संघर्ष में कौन सा रास्ता चुनता है।