सीएम मान के नेतृत्व में पंजाब को मिला ‘टॉप अचीवर’ पुरस्कार, निवेश और उद्योग सुधारों में बना अग्रणी राज्य

सीएम मान के नेतृत्व में पंजाब को मिला ‘टॉप अचीवर’ पुरस्कार, निवेश और उद्योग सुधारों में बना अग्रणी राज्य

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब ने व्यापार सुधारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार ने व्यापार सुधार कार्य योजना (BRAP) 2024 के तहत राज्य को “टॉप अचीवर” का प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया है।

यह सम्मान पीयूष गोयल द्वारा नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह के दौरान दिया गया। इस उपलब्धि के पीछे राज्य की पारदर्शी, उद्योग-समर्थक और निवेशकों के अनुकूल नीतियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पंजाब ने व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया को आसान बनाने, निर्माण परमिट की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और निवेश को आकर्षित करने जैसे कई अहम क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और सेवा प्रबंधन में भी सुधार दर्ज किए गए हैं।

उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग ने राज्य की नीतियों की सराहना करते हुए इसे देश के अग्रणी निवेश गंतव्यों में शामिल किया है।

इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, पंजाब को लगभग 1.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे करीब 4.7 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। राज्य अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी निवेशकों की पहली पसंद बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।