‘सुपर-100’ की शानदार सफलता: हरियाणा के 16 छात्रों ने JEE Main 2026 में 99+ परसेंटाइल हासिल किया

‘सुपर-100’ की शानदार सफलता: हरियाणा के 16 छात्रों ने JEE Main 2026 में 99+ परसेंटाइल हासिल किया

हरियाणा में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने ‘हरियाणा सुपर-100’ कार्यक्रम की बड़ी सफलता साझा की। उन्होंने बताया कि इस पहल से जुड़े छात्रों ने IIT-JEE Main 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 विद्यार्थियों ने 99 से अधिक परसेंटाइल हासिल किया, जिससे राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ।

मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम बख्तिया फाउंडेशन ट्रस्ट के सहयोग से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को निःशुल्क उच्च स्तरीय कोचिंग उपलब्ध कराना है, ताकि वे प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस वर्ष ‘सुपर-100’ से जुड़े 263 छात्रों ने परीक्षा दी, जिनमें से 235 छात्र JEE Advanced के लिए चयनित हुए। यह करीब 89 प्रतिशत की उल्लेखनीय सफलता दर है। इनमें 16 छात्रों ने 99+, 35 छात्रों ने 98+, 57 छात्रों ने 97+, 85 छात्रों ने 95+ और 161 छात्रों ने 90 से अधिक परसेंटाइल प्राप्त किए।

उन्होंने मिशन फाउंडेशन के योगदान को भी सराहा और बताया कि 99 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले 16 छात्रों में से 4 इस मिशन से जुड़े रहे हैं।

ढांडा ने इस उपलब्धि को छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और मजबूत शिक्षा व्यवस्था का परिणाम बताते हुए कहा कि हरियाणा का यह मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकता है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में राज्य के छात्र और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे