प्रेग्नेंसी प्लानिंग में पुरुषों की भूमिका भी अहम, पिता बनने से पहले ऐसे करें खुद को तैयार

प्रेग्नेंसी प्लानिंग में पुरुषों की भूमिका भी अहम, पिता बनने से पहले ऐसे करें खुद को तैयार

अक्सर जब किसी कपल द्वारा फैमिली प्लानिंग की बात होती है, तो पूरा फोकस महिलाओं की तैयारी पर चला जाता है। लेकिन हकीकत यह है कि गर्भधारण की प्रक्रिया में पुरुष की सेहत और उसकी लाइफस्टाइल भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। पिता बनने से पहले पुरुषों का शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होना न सिर्फ गर्भधारण को आसान बनाता है, बल्कि होने वाले बच्चे की सेहत पर भी सकारात्मक असर डालता है।

क्यों जरूरी है पुरुषों की तैयारी?
शुक्राणुओं की गुणवत्ता, संख्या और उनकी गति सीधे तौर पर फर्टिलिटी को प्रभावित करती है। खराब खानपान, तनाव, नींद की कमी या गलत आदतें इन पर असर डाल सकती हैं। इसलिए समय रहते सही कदम उठाना बेहद जरूरी है।

अपनाएं ये जरूरी उपाय

1. हेल्थ चेकअप को न करें नजरअंदाज
प्रेग्नेंसी की योजना से पहले पुरुषों को अपनी हेल्थ की जांच जरूर करानी चाहिए। डायबिटीज, थायरॉइड या किसी संक्रमण जैसी समस्याएं फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकती हैं, जिन्हें समय रहते कंट्रोल किया जा सकता है।

2. नींद पूरी लेना है बेहद जरूरी
रोजाना 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेने से हार्मोन बैलेंस बना रहता है। नींद की कमी टेस्टोस्टेरोन को घटा सकती है, जिससे शुक्राणुओं की गुणवत्ता प्रभावित होती है।

3. नशे से बनाएं दूरी
स्मोकिंग और अधिक शराब का सेवन शुक्राणुओं को नुकसान पहुंचाता है। इसलिए इन आदतों को छोड़ना या कम करना प्रेग्नेंसी प्लानिंग से पहले जरूरी कदम है।

4. नियमित व्यायाम करें
हल्की-फुल्की एक्सरसाइज शरीर को फिट रखने के साथ हार्मोन को भी संतुलित करती है। हालांकि जरूरत से ज्यादा कठिन वर्कआउट से बचना चाहिए।

5. वजन को रखें संतुलित
बहुत ज्यादा या बहुत कम वजन हार्मोनल गड़बड़ी का कारण बन सकता है। सही वजन बनाए रखने से फर्टिलिटी बेहतर होती है।

6. संतुलित आहार लें
डाइट में विटामिन C, D, E, जिंक और फोलिक एसिड से भरपूर चीजें शामिल करें। ताजे फल, हरी सब्जियां, नट्स और साबुत अनाज शुक्राणुओं की गुणवत्ता सुधारने में मदद करते हैं।

7. तनाव को रखें कंट्रोल में
लंबे समय तक तनाव रहने से हार्मोन प्रभावित होते हैं। योग, ध्यान और रिलैक्सेशन तकनीकें अपनाकर तनाव कम किया जा सकता है।

8. मानसिक रूप से रहें तैयार
पिता बनना जीवन का बड़ा बदलाव है। ऐसे में मानसिक रूप से तैयार रहना जरूरी है ताकि आप अपने पार्टनर का बेहतर साथ दे सकें और इस सफर को सकारात्मक बना सकें।


प्रेग्नेंसी की तैयारी केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है। पुरुष भी अगर समय रहते अपनी लाइफस्टाइल सुधार लें, तो स्वस्थ गर्भधारण और हेल्दी बच्चे की संभावना काफी बढ़ जाती है।