फिर आगे खिसकी यश की ‘टॉक्सिक’ की रिलीज, नई डेट पर सस्पेंस बरकरार

फिर आगे खिसकी यश की ‘टॉक्सिक’ की रिलीज, नई डेट पर सस्पेंस बरकरार

साउथ सुपरस्टार Yash की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को लेकर फैंस को एक बार फिर इंतजार करना पड़ेगा। पहले 19 मार्च को रिलीज तय की गई थी, जिसे बाद में 4 जून तक टाल दिया गया था। अब मेकर्स ने साफ कर दिया है कि फिल्म 4 जून को भी सिनेमाघरों में नहीं आएगी।

निर्माताओं ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन इसे ऐसे समय पर रिलीज किया जाएगा जो इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज रणनीति के अनुरूप हो। फिलहाल टीम वैश्विक वितरण और साझेदारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है, जिसके चलते रिलीज डेट को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

फिल्म को हाल ही में CinemaCon में मिली शानदार प्रतिक्रिया ने भी मेकर्स का आत्मविश्वास बढ़ाया है। उनका मानना है कि ‘टॉक्सिक’ को दुनिया भर में बड़े स्तर पर पेश किया जाना चाहिए, ताकि यह अपनी पूरी क्षमता तक पहुंच सके।

वहीं, यश ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि कुछ फिल्में केवल बनाई नहीं जातीं, बल्कि वे हमें सिनेमा से जुड़ाव का एहसास भी कराती हैं। उनके मुताबिक ‘टॉक्सिक’ भी एक ऐसी ही खास यात्रा रही है, खासकर ऐसे समय में जब भारतीय सिनेमा वैश्विक मंच पर तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।

इस फिल्म का निर्देशन Geetu Mohandas ने किया है। फिल्म में यश के साथ Kiara Advani, Nayanthara, Huma Qureshi, Rukmini Vasanth और Tara Sutaria अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में यश का डबल रोल देखने को मिल सकता है।

अब दर्शकों को फिल्म की नई रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार है, जिसे मेकर्स जल्द ही घोषित कर सकते हैं।