पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह पर शिकंजा कसने की तैयारी, 11 मई को कोर्ट सुनाएगा अहम फैसला

पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह पर शिकंजा कसने की तैयारी, 11 मई को कोर्ट सुनाएगा अहम फैसला

हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह से जुड़े छेड़छाड़ मामले में उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आरोपों को और गंभीर बनाने की मांग पर जिला अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है, जिसे अब 11 मई को सुनाया जाएगा।

हाल ही में हुई सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने चंडीगढ़ पुलिस की उस याचिका का विरोध किया, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और 511 (दुष्कर्म के प्रयास) जोड़ने की मांग की गई है। बचाव पक्ष का कहना था कि इसी तरह की मांग पहले भी अदालत द्वारा खारिज की जा चुकी है, इसलिए इसे दोबारा स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

वहीं, सरकारी पक्ष के वकील अनिल कुमार ने अदालत से आग्रह किया कि आरोपों में संशोधन कर केस को सेशंस कोर्ट भेजा जाए। उनका तर्क था कि पीड़िता के बयान दुष्कर्म के प्रयास की ओर इशारा करते हैं, इसलिए गंभीर धाराएं जोड़ना जरूरी है।

यह मामला तब सामने आया था जब हरियाणा की एक महिला जूनियर कोच ने संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। इसके बाद 31 दिसंबर 2022 को चंडीगढ़ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।

अब सभी की नजरें 11 मई को आने वाले अदालत के फैसले पर टिकी हैं, जो इस मामले की दिशा तय कर सकता है।