90 के दशक में जिस अभिनेता ने अपनी पहली ही फिल्म से रातोंरात स्टारडम हासिल कर लिया था, आज वही कलाकार मुश्किल दौर से गुजर रहा है। बात हो रही है Rahul Roy की, जिनकी शुरुआत बेहद शानदार रही, लेकिन समय के साथ उनका करियर ढलान पर चला गया। साल 1990 में Mahesh Bhatt की फिल्म Aashiqui से राहुल रॉय ने इंडस्ट्री में कदम रखा था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया और इसके गानों ने भी लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। इस एक फिल्म ने राहुल को देशभर में पहचान दिलाई और वह युवा दिलों की धड़कन बन गए।
हालांकि, इस शानदार शुरुआत के बाद उनका करियर ज्यादा समय तक रफ्तार नहीं पकड़ पाया। ‘प्यार का साया’, ‘सपने साजन के’ और ‘जुनून’ जैसी कई फिल्में आईं, लेकिन ये दर्शकों को प्रभावित नहीं कर सकीं। धीरे-धीरे उन्हें मुख्य भूमिका मिलना बंद हो गया और वह सहायक किरदारों तक सीमित हो गए। इतना ही नहीं, कई बड़े प्रोजेक्ट्स अधूरे रह गए या रिलीज ही नहीं हो पाए, जिससे उनके करियर को और नुकसान हुआ। समय के साथ राहुल रॉय बड़े पर्दे से लगभग गायब हो गए और सिर्फ छोटे-मोटे रोल्स में नजर आने लगे।
हाल ही में सोशल मीडिया पर उनके कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें उनका बदला हुआ लुक और रील्स बनाना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कुछ लोगों ने उनकी हालत पर चिंता जताई, तो कुछ ने उनका मजाक भी उड़ाया। इन सबके बीच राहुल रॉय ने खुद सामने आकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि वह किसी शौक में नहीं, बल्कि मजबूरी में ये काम कर रहे हैं। अभिनेता के मुताबिक, उन्हें पुराने कानूनी मामलों के चलते पैसों की जरूरत है, जिनका संबंध उस समय से है जब उन्हें ब्रेन स्ट्रोक नहीं हुआ था।
उन्होंने आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए कहा कि वह अपनी मेहनत से कमाना पसंद करते हैं और किसी पर निर्भर नहीं रहना चाहते। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील भी की कि अगर सच में चिंता है, तो उन्हें अच्छा काम दिलाने में मदद करें, ना कि उनका मजाक उड़ाएं।
आज भले ही वह पहले जैसी चमक में नजर न आते हों, लेकिन राहुल रॉय अपनी जिद और मेहनत के दम पर संघर्ष कर रहे हैं और आगे बढ़ने की कोशिश में लगे हुए हैं।




