कौहरिया में 13 करोड़ से बना आधुनिक अस्पताल शुरू, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ: सीएम भगवंत मान

कौहरिया में 13 करोड़ से बना आधुनिक अस्पताल शुरू, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ: सीएम भगवंत मान

सीएम भगवंत सिंह मान ने संगरूर जिले के कौहरिया गांव में आधुनिक सुविधाओं से लैस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। करीब 13.23 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अस्पताल 30 बिस्तरों की क्षमता वाला है और इससे आसपास के 85 गांवों के लगभग 35 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

यह स्वास्थ्य केंद्र 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं, सर्जरी, गंभीर बीमारियों के इलाज और बच्चों के लिए विशेष चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोग बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के इंतजार में थे, जो अब इस परियोजना के जरिए पूरी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का फोकस अब ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ऐसे क्षेत्रों को नजरअंदाज किया गया, लेकिन अब शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में निवेश कर विकास को गांवों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि कौहरिया में यह केंद्र पहले 1962 में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में स्थापित किया गया था, जिसे अब अपग्रेड कर आधुनिक अस्पताल का रूप दिया गया है। इस नई सुविधा से स्थानीय लोगों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।