आजकल फिटनेस के नाम पर रोज 10 हजार कदम चलने का चलन काफी बढ़ गया है। लोग अपने स्टेप काउंटर देखकर संतुष्ट हो जाते हैं कि उन्होंने दिनभर में पर्याप्त एक्टिविटी कर ली। लेकिन असल सवाल यह है कि क्या सिर्फ इतने कदम चल लेने से वजन कम हो सकता है? जवाब है – जरूरी नहीं।
धीरे-धीरे चलने से नहीं मिलेगा वेट लॉस का फायदा
कई लोग दिनभर हल्की-फुल्की मूवमेंट करते रहते हैं, जैसे घर या ऑफिस में इधर-उधर चलना। इससे उनका स्टेप काउंट तो बढ़ जाता है, लेकिन शरीर को उतना फायदा नहीं मिलता जितना एक सही वॉकिंग सेशन से मिलना चाहिए। इस तरह की धीमी चाल से कैलोरी बर्न बहुत कम होती है, इसलिए वजन घटाने पर इसका खास असर नहीं पड़ता।
वजन कम करना है तो अपनाएं ये तरीका
अगर आपका लक्ष्य वेट लॉस है, तो आपको रोजाना कम से कम 30 से 45 मिनट तक तेज गति से वॉक करनी चाहिए। इस दौरान आपकी चाल इतनी तेज होनी चाहिए कि शरीर में गर्माहट आए, पसीना निकले और आप बिना रुके लंबी बातचीत न कर पाएं। यह संकेत होता है कि आपकी बॉडी सही तरीके से काम कर रही है और कैलोरी तेजी से बर्न हो रही है।
ब्रिस्क वॉक और रनिंग ज्यादा असरदार
सिर्फ सामान्य वॉक की बजाय ब्रिस्क वॉक या हल्की दौड़ (जॉगिंग) करने से वजन घटाने में ज्यादा तेजी से परिणाम मिलते हैं। यह हार्ट रेट बढ़ाता है और फैट बर्निंग प्रोसेस को तेज करता है।
स्टेप काउंट और वॉक में समझें फर्क
स्टेप काउंट केवल यह बताता है कि आपने दिनभर में कितनी गतिविधि की, जबकि वॉक एक व्यवस्थित एक्सरसाइज है जिसमें समय, गति और तीव्रता का खास ध्यान रखा जाता है। सही तरीके से की गई वॉक हार्ट हेल्थ, ब्लड सर्कुलेशन और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है।
दिनभर एक्टिव रहना अच्छी बात है, लेकिन अगर आप सच में वजन कम करना चाहते हैं तो केवल 10,000 स्टेप्स पर निर्भर न रहें। नियमित और तेज वॉक को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं
Disclaimer: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी फिटनेस रूटीन या डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
(Photo : shutterstock)




