आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। अब राजस्थान की टीम 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी। इस मुकाबले की विजेता टीम 31 मई को अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ फाइनल खेलेगी।
मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 243 रन बनाए। जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ढेर हो गई।
आर्चर की घातक गेंदबाजी से टूटा हैदराबाद
244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद उन्होंने ट्रैविस हेड और ईशान किशन को भी पवेलियन भेजकर राजस्थान को पूरी तरह मैच में हावी कर दिया।
हालांकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 38 रन और सलिल अरोड़ा ने 35 रन बनाकर संघर्ष करने की कोशिश की, लेकिन लगातार विकेट गिरने से टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। राजस्थान की ओर से आर्चर ने 3 विकेट हासिल किए। वहीं नांद्रे बर्गर, रवींद्र जडेजा और सुशांत मिश्रा ने 2-2 बल्लेबाजों को आउट किया। यश राज पुंजा को भी एक सफलता मिली।
सूर्यवंशी का विस्फोटक शो
राजस्थान की जीत के सबसे बड़े हीरो वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने केवल 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इनिंग में उन्होंने 5 चौके और 12 लंबे छक्के जड़े। उनके साथ यशस्वी जायसवाल ने भी तेज शुरुआत देते हुए 29 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए करीब आठ ओवर में 125 रन जोड़ दिए।
मिडिल ऑर्डर में ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में तेज़ अर्धशतक लगाया, जबकि कप्तान रियान पराग ने 12 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम का स्कोर 240 के पार पहुंचाया। अंत में रवींद्र जडेजा 12 रन बनाकर नाबाद लौटे।
हैदराबाद के गेंदबाज रहे बेअसर
सनराइजर्स की गेंदबाजी इस बड़े मुकाबले में काफी कमजोर नजर आई। प्रफुल हिंगे ने जरूर 3 विकेट लिए, लेकिन उन्हें 54 रन भी खर्च करने पड़े। ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार और नीतीश रेड्डी को एक-एक विकेट मिला। कप्तान पैट कमिंस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और उन्होंने अपने 4 ओवर में 64 रन दे दिए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
राजस्थान रॉयल्स:
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल, रियान पराग (कप्तान), डोनोवन फरेरा, दासुन शनाका, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, यश राज पुंजा, बृजेश शर्मा।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: सुशांत मिश्रा।
सनराइजर्स हैदराबाद:
अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, ईशान किशन, हेनरिक क्लासन, स्मरण रविचंद्रन, नीतीश कुमार रेड्डी, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, शिवांग कुमार, ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन, प्रफुल हिंगे।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: सलिल अरोड़ा।




