लगातार 6वें साल बिना वेतन काम करेंगे मुकेश अंबानी, डिविडेंड से हुई हजारों करोड़ की कमाई

लगातार 6वें साल बिना वेतन काम करेंगे मुकेश अंबानी, डिविडेंड से हुई हजारों करोड़ की कमाई

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने एक बार फिर मिसाल पेश करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 में भी कंपनी से कोई सैलरी नहीं ली। कंपनी की ताजा एनुअल रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने लगातार छठे साल वेतन, भत्ते और अन्य सुविधाओं को पूरी तरह छोड़ रखा है। फिलहाल उनकी आय का सबसे बड़ा जरिया रिलायंस से मिलने वाला डिविडेंड बना हुआ है।

कोरोना महामारी के दौरान साल 2020 में मुकेश अंबानी ने यह फैसला लिया था कि जब तक कंपनी के सभी कारोबार पूरी क्षमता से पटरी पर नहीं लौट आते, तब तक वह वेतन स्वीकार नहीं करेंगे। तभी से वह बिना सैलरी के CMD की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

हालांकि वेतन नहीं लेने के बावजूद उनकी कमाई में कोई कमी नहीं आई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने FY26 के लिए ₹6 प्रति शेयर डिविडेंड घोषित किया है। मुकेश अंबानी के निजी शेयरों से उन्हें करीब ₹9.66 करोड़ का लाभांश मिलेगा। वहीं प्रमोटर ग्रुप कंपनियों की हिस्सेदारी से लगभग ₹3,987 करोड़ की डिविडेंड इनकम हुई है। इस तरह कुल डिविडेंड कमाई करीब ₹3,996 करोड़ तक पहुंच गई।

दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शामिल मुकेश अंबानी की मौजूदा नेटवर्थ करीब 92 बिलियन डॉलर बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस में प्रमोटर ग्रुप की हिस्सेदारी 50% से ज्यादा है।

कंपनी में परिवार के अन्य सदस्यों की कमाई की बात करें तो आकाश और ईशा अंबानी को FY26 में केवल बोर्ड मीटिंग फीस और प्रॉफिट कमीशन मिला। दोनों को ₹5 लाख की सिटिंग फीस और ₹2.5 करोड़ का कमीशन दिया गया। वहीं अनंत अंबानी को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर बनने के बाद ₹12.17 करोड़ का पैकेज मिला, जिसमें कमीशन भी शामिल है।

रिलायंस के वरिष्ठ अधिकारियों में निखिल और हितल मेसवानी का वेतन पहले जैसा ही बना रहा। दोनों को करीब ₹25-25 करोड़ का पारिश्रमिक मिला। वहीं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर PMS प्रसाद का पैकेज बढ़कर ₹20.58 करोड़ हो गया।

उधर, कंपनी के कारोबार की बात करें तो जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में रिलायंस का शुद्ध मुनाफा 13% घटकर ₹16,971 करोड़ रह गया। हालांकि इस दौरान कंपनी का कुल रेवेन्यू बढ़कर करीब ₹2.98 लाख करोड़ पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 13% ज्यादा है।