भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 5-3 से मात दी और खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। अब फाइनल में भारत की भिड़ंत जापान से होगी।
जापान के काकामिगाहारा में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम एक समय दबाव में नजर आ रही थी। तीसरे क्वार्टर के अंत तक पाकिस्तान 3-2 से आगे था, लेकिन आखिरी क्वार्टर में भारत ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार तीन गोल दागे और मैच अपने नाम कर लिया। इस रोमांचक जीत के सबसे बड़े हीरो आशीष तानी पुर्ति रहे। उन्होंने कुल चार गोल किए और चौथे क्वार्टर में हैट्रिक पूरी करते हुए पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
मुकाबले की शुरुआत भारत के लिए अच्छी रही। पहले क्वार्टर के अंतिम मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को आशीष ने गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने जवाबी हमला करते हुए अदील के गोल की मदद से स्कोर 1-1 कर दिया। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। शाहरुख अली ने भारत को 2-1 से आगे किया, लेकिन पाकिस्तान ने तुरंत बराबरी कर ली। इसके बाद उजैर अहमद कुरैशी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर पाकिस्तान को 3-2 की बढ़त दिला दी।
अंतिम क्वार्टर में भारत ने पूरी तरह आक्रामक रणनीति अपनाई। पाकिस्तान के एक खिलाड़ी को ग्रीन कार्ड मिलने के बाद भारतीय टीम ने लगातार दबाव बनाया। 49वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर आशीष ने गोल कर स्कोर 3-3 कर दिया। इसके बाद 53वें मिनट में उन्होंने अपना तीसरा गोल दागकर भारत को बढ़त दिलाई। मैच समाप्त होने से कुछ मिनट पहले एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर उन्होंने अपना चौथा गोल पूरा किया और भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।
टूर्नामेंट में भारत का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। टीम ने कजाकिस्तान को 13-0 और चीनी ताइपे को 13-1 से हराया, जबकि दक्षिण कोरिया को 4-1 से मात दी। लीग चरण में भारत को केवल जापान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। अब फाइनल में भारतीय टीम उसी जापान से हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।


