IPL के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को बेहद करीबी मुकाबले में 3 विकेट से मात दी। मुल्लांपुर में खेले गए इस मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 162 रन बनाए। टीम की ओर से शुभमन गिल ने 39 रन और जोस बटलर ने 38 रन का योगदान दिया, जबकि पंजाब के लिए विजयकुमार वैशाख ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। युजवेंद्र चहल ने भी 2 विकेट अपने नाम किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत मजबूत रही और टीम ने 109 रन तक सिर्फ 2 विकेट गंवाए। लेकिन इसके बाद मैच में अचानक मोड़ आया, जब प्रसिद्ध कृष्णा ने अपने स्पेल में 2 ओवर के अंदर 3 विकेट लेकर पंजाब को बैकफुट पर धकेल दिया। स्कोर 118 तक पहुंचते-पहुंचते टीम 6 विकेट खो चुकी थी और मुकाबला पूरी तरह खुल गया।
हालांकि, डेब्यू मैच खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कूपर कोनोली ने दबाव में बेहतरीन बल्लेबाजी की। एक छोर संभालकर उन्होंने टीम को संभाला और अंत तक टिके रहे। कोनोली ने शानदार 72 रन की पारी खेली और पंजाब को 19.1 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर जीत दिला दी।
इस तरह पंजाब ने आखिरी पलों में बाजी पलटते हुए सीजन में अपनी यादगार जीत दर्ज की।




