न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए 220 रन का बड़ा लक्ष्य 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 69 रन बनाकर जीत को अंत तक संभाले रखा और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ पंजाब ने सीजन में अपनी तीसरी सफलता दर्ज की, हालांकि टीम 7 अंकों के साथ अब भी अंकतालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं राजस्थान 8 अंकों के साथ शीर्ष पर कायम है।
इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 216 रन बनाए। टीम को तेज शुरुआत ओपनर्स अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड से मिली, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 50 गेंदों में 120 रन जोड़े। अभिषेक ने आक्रामक अंदाज में 28 गेंदों पर 74 रन ठोके, जिसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। पंजाब की गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और शशांक सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए और रनगति पर कुछ हद तक नियंत्रण किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत भी उतनी ही मजबूत रही। ओपनर्स प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार प्लेटफॉर्म दिया। प्रियांश ने 57 और प्रभसिमरन ने 51 रन की उपयोगी पारी खेली। हैदराबाद ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 100 से ज्यादा रन बना लिए थे, जिससे मुकाबला हाई-स्कोरिंग बन गया, लेकिन अंत में पंजाब की बल्लेबाजी ने बाजी मार ली।
पंजाब किंग्स प्लेइंग XI:
प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्या, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कूपर कोनोली, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
सनराइजर्स हैदराबाद प्लेइंग XI:
ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (कप्तान, विकेटकीपर), हेनरिक क्लासन, सलिल अरोरा, अनिकेत वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट।




