PK बनाम US: टी-20 वर्ल्ड कप में आज फिर आमने-सामने पाकिस्तान और अमेरिका, पुरानी हार का हिसाब चुकाने उतरेगी PAK

PK बनाम US: टी-20 वर्ल्ड कप में आज फिर आमने-सामने पाकिस्तान और अमेरिका, पुरानी हार का हिसाब चुकाने उतरेगी PAK

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का 12वां मुकाबला आज पाकिस्तान और अमेरिका के बीच खेला जाएगा। मैच कोलंबो के ऐतिहासिक SSC स्टेडियम में होगा, जहां पहली गेंद शाम 7 बजे डाली जाएगी। टॉस 6:30 बजे होगा।

ग्रुप-A में यह दोनों टीमों का दूसरा मैच है। पाकिस्तान ने अपने पहले मुकाबले में नीदरलैंड को आखिरी ओवर में हराकर जीत दर्ज की थी। दूसरी ओर अमेरिका ने भारत को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन अंत में 29 रन से हार झेलनी पड़ी।

जब USA ने पाकिस्तान को चौंकाया था

टी-20 क्रिकेट में पाकिस्तान और अमेरिका अब तक सिर्फ एक बार भिड़े हैं। 2024 के वर्ल्ड कप में ग्रैंड प्रैरी स्टेडियम पर खेले गए उस मैच में पाकिस्तान ने 160 रन बनाए थे। जवाब में अमेरिका ने भी 159 रन बनाकर मैच टाई कर दिया। सुपर ओवर में USA ने बाज़ी मारी और उसी जीत के दम पर सुपर-8 में जगह बना ली थी, जबकि पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया था।

पाकिस्तान की ताकत

2024 के बाद से सईम अयूब पाकिस्तान के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ रहे हैं। उन्होंने अब तक 1129 रन बनाए हैं। गेंदबाज़ी में शाहीन शाह अफरीदी का जलवा कायम है, जो 65 विकेट लेकर टीम के सबसे सफल बॉलर हैं।

अमेरिका के भरोसेमंद खिलाड़ी

अमेरिका के लिए एंड्रीज गौस ने 2024 के बाद सबसे ज्यादा 757 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 81 रन रहा है। गेंदबाज़ी में हरमीत सिंह सबसे आगे हैं, जिन्होंने 26 विकेट झटके हैं। भारत के खिलाफ उन्होंने हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को आउट कर सुर्खियां बटोरी थीं।

पिच का मिज़ाज

SSC कोलंबो की पिच स्पिन गेंदबाज़ों को मदद देती है। यहां बड़े स्कोर बनाना आसान नहीं होता। पहली पारी में 150 से ऊपर का स्कोर आमतौर पर मैच जिताने वाला साबित होता है। हाल ही में नीदरलैंड ने 147 रन बनाकर पाकिस्तान को कड़ी चुनौती दी थी।

मौसम का हाल

मंगलवार को कोलंबो के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि मैच शाम को है। यहां ओस नहीं पड़ती, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाज़ी करना पसंद कर सकती है।

संभावित प्लेइंग-11

पाकिस्तान:
सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्ज़ा, अबरार अहमद

अमेरिका:
एंड्रीज गौस, साईतेजा मुक्कामाला, मोनांक पटेल (कप्तान/विकेटकीपर), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शाल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रवलकर