ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में भारत और इंग्लैंड की टक्कर हमेशा हाई-वोल्टेज रही है। अब एक बार फिर दोनों टीमें सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी। यह ICC टूर्नामेंट इतिहास में पांचवां मौका है, जब भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में भिड़ेंगे। अभी तक खेले गए चार मुकाबलों में दोनों टीमों ने दो-दो जीत दर्ज की हैं। एक दिलचस्प संयोग यह भी है कि जब-जब भारत ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में हराया है, उसी टूर्नामेंट में टीम इंडिया ने खिताब भी अपने नाम किया है।
सेमीफाइनल की कहानी: चार मुकाबलें, चार अलग-अलग किस्से
1983: जब भारत ने बदली क्रिकेट की तस्वीर
1983 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत ने मेजबान इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर सबको चौंका दिया। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए इस मुकाबले में भारत को कमजोर आंका जा रहा था, लेकिन कपिल देव की अगुआई में टीम ने इतिहास रच दिया।
इंग्लैंड की टीम 213 रन पर सिमट गई। कपिल देव और मोहिंदर अमरनाथ की गेंदबाजी ने मैच का रुख पलट दिया। जवाब में शुरुआती झटकों के बावजूद यशपाल शर्मा और अमरनाथ ने पारी को संभाला। अंत में संदीप पाटिल की तूफानी बल्लेबाजी ने इंग्लैंड की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। यही जीत भारत के आत्मविश्वास की नींव बनी और आगे चलकर टीम ने लॉर्ड्स में फाइनल जीतकर पहली बार वर्ल्ड कप उठाया।
1987: गूच ने भारत में लिया बदला
चार साल बाद वानखेड़े स्टेडियम में कहानी पलट गई। 1987 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भारत को 35 रन से हराकर 1983 की हार का हिसाब चुकता कर दिया। ग्राहम गूच ने स्पिन के खिलाफ स्वीप शॉट्स की बौछार करते हुए 115 रन की शानदार पारी खेली। इंग्लैंड ने 254 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहम्मद अजहरुद्दीन ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन भारत की पारी अंत में बिखर गई। यह मैच सुनील गावस्कर के वनडे करियर का आखिरी मुकाबला भी रहा।
2022: इंग्लैंड की ओपनिंग जोड़ी का कहर
टी-20 वर्ल्ड कप 2022 के सेमीफाइनल में एडिलेड ओवल में इंग्लैंड ने भारत को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से हरा दिया। 169 रन का लक्ष्य इंग्लैंड ने महज 16 ओवर में हासिल कर लिया। जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने 170 रन की नाबाद साझेदारी कर इतिहास रच दिया। यह उस समय टी-20 वर्ल्ड कप की सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप थी। भारत की ओर से विराट कोहली और हार्दिक पंड्या ने रन जरूर बनाए, लेकिन गेंदबाजी पूरी तरह नाकाम रही।
2024: रोहित की कप्तानी में बदला पूरा
27 जून 2024 को गयाना में भारत ने 2022 की हार का जवाब उसी अंदाज में दिया। सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराकर फाइनल में जगह बनाई। शुरुआती विकेट गिरने के बाद रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला। भारत ने 171 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की फिरकी के सामने इंग्लैंड की बल्लेबाजी टिक नहीं सकी और पूरी टीम 103 रन पर सिमट गई।
लगातार तीसरी बार सेमीफाइनल में टक्कर
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड की यह लगातार तीसरी सेमीफाइनल भिड़ंत होगी। 2022 में इंग्लैंड जीता, 2024 में भारत ने पलटवार किया। अब 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमें एक बार फिर फाइनल का टिकट कटाने उतरेंगी।
इतिहास बराबरी पर है, अब देखना यह है कि इस बार पलड़ा किसके पक्ष में झुकता है।



