टी-20 वर्ल्ड कप में आज क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाएगा, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। यह हाई-वोल्टेज मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा।
हालांकि, मुकाबले से पहले मौसम ने रोमांच बढ़ा दिया है। कोलंबो में लगातार बारिश हो रही है, लेकिन मैच के समय बारिश की संभावना करीब 10% बताई जा रही है। अगर बारिश ने खेल बिगाड़ा, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना पड़ सकता है।
इतिहास भारत के पक्ष में, पाकिस्तान की नजर बराबरी पर
भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक दो बार (2007 और 2024) खिताब जीता है। दिलचस्प बात यह है कि 2007 का पहला खिताब भी पाकिस्तान को हराकर ही आया था। वहीं पाकिस्तान 2009 में चैंपियन बना और 2007 व 2022 में फाइनल तक पहुंच चुका है।
भारत का पलड़ा हेड-टू-हेड में भारी है। दोनों टीमों के बीच टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक 8 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 7 में भारत को जीत मिली है।
उस्मान तारिक बनाम भारतीय बल्लेबाज
श्रीलंकाई पिच पर पाकिस्तान के गेंदबाज उस्मान तारिक टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। उनकी स्लो डिलीवरी, स्पीड में बदलाव और अलग-अलग एंगल से आती गेंदें बल्लेबाजों को फंसा सकती हैं। खासकर दूसरी पारी में पिच टूटने के बाद उनका असर और बढ़ सकता है।
भारत का कॉन्फिडेंस हाई, 10 मैचों की अजेय लय
टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप में लगातार 10 मैच जीत चुकी है। 2024 में 8 और मौजूदा संस्करण में 2 जीत के साथ टीम नया कीर्तिमान बना चुकी है।
भारत की ताकत
- ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या शानदार फॉर्म में
- जसप्रीत बुमराह पूरी तरह फिट
- स्पिन में कुलदीप, वरुण और अक्षर भरोसेमंद
कमजोरी
- पिछले दो मैचों में स्पिन के खिलाफ बल्लेबाजी में परेशानी
- कोलंबो की पिच स्पिनरों के अनुकूल
पाकिस्तान की उम्मीदें गेंदबाजों पर टिकी
ताकत
- ओपनर साहिबजादा फरहान शानदार शुरुआत दे रहे हैं
- स्पिन अटैक मजबूत: तारिक, अबरार, नवाज और सलमान असरदार
कमजोरी
- बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी
- साहिबजादा के अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका
अभिषेक शर्मा की वापसी से भारत को राहत
टीम इंडिया के ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट हो चुके हैं और आज के मुकाबले में खेलने के लिए उपलब्ध हैं। पेट के संक्रमण के कारण वे पिछला मैच नहीं खेल पाए थे और दो दिन अस्पताल में भी रहे, लेकिन अब उन्होंने टीम के साथ पूरा अभ्यास किया है।
मैच के एक्स-फैक्टर खिलाड़ी
भारत:
- जसप्रीत बुमराह
- वरुण चक्रवर्ती
- कुलदीप यादव
- अभिषेक शर्मा
- ईशान किशन
पाकिस्तान:
- शाहीन शाह अफरीदी
- साहिबजादा फरहान
- उस्मान तारिक
- अबरार अहमद
- शादाब खान
पिच, टॉस और हालात का खेल
- कोलंबो में इस टूर्नामेंट के सभी मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते
- यहां ओस नहीं पड़ती, दूसरी पारी में बल्लेबाजी कठिन
- पिच धीरे-धीरे खुरदुरी होती है, स्पिन और स्लो गेंदों को मदद
- अब तक 41 विकेट गिरे: 21 पेसर्स, 20 स्पिनर्स
संभावित प्लेइंग-11
पाकिस्तान:
साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (WK), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद
भारत:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह/कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह


