भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज़ रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पिता खानचंद सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे और ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में उपचाराधीन थे। बीमारी के कारण पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, निधन के बाद खानचंद सिंह का पार्थिव शरीर नोएडा से अलीगढ़ लाया गया। शव को क्वारसी क्षेत्र स्थित ओजोन कॉलोनी में उनके आवास पर रखा गया है, जहां रिश्तेदारों और परिचितों का पहुंचना जारी है। परिवार ने बताया कि अंतिम संस्कार अलीगढ़ में ही संपन्न किया जाएगा, जिसमें शामिल होने के लिए रिंकू सिंह भी वहां पहुंच रहे हैं।
गौरतलब है कि रिंकू सिंह इस समय भारत की अंतरराष्ट्रीय टी-20 टीम का हिस्सा हैं। पिता की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने पर वह पहले ही टीम इंडिया का साथ छोड़कर स्वदेश लौट आए थे। टी-20 विश्वकप के दौरान चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए एक अभ्यास सत्र में उनकी गैरमौजूदगी ने उनके घर लौटने की पुष्टि कर दी थी।
कुछ दिन पहले टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी प्रेस वार्ता में बताया था कि रिंकू अपने पिता की खराब सेहत के चलते घर गए हैं और परिस्थितियां सामान्य होने पर उनके टीम से जुड़ने की संभावना है। हालांकि अब पिता के निधन के बाद यह स्पष्ट नहीं है कि वह आगामी विश्वकप मुकाबलों में खेल पाएंगे या नहीं। इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



