अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि वे वहां के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई की मौत नहीं चाहते। उन्होंने यह भी साफ किया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि खामेनेई इस समय जीवित हैं या नहीं।
फ्लोरिडा में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने संकेत दिए कि ईरान में सत्ता परिवर्तन की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में एक खास व्यक्ति से बातचीत भी चल रही है, जो भविष्य में अहम भूमिका निभा सकता है। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका ईरान के लिए नई राजनीतिक व्यवस्था के विकल्प तलाश रहा है। उनके मुताबिक, वेनेजुएला की तर्ज पर कोई नया नेता सामने लाया जा सकता है या फिर अमेरिका के साथ मिलकर साझा नेतृत्व (जॉइंट लीडरशिप) का मॉडल भी अपनाया जा सकता है।
वहीं, ट्रम्प का दावा है कि ईरान बातचीत के लिए तैयार बैठा है और जल्द ही कोई समझौता हो सकता है। उन्होंने यहां तक कहा कि यह डील पांच दिन या उससे भी कम समय में पूरी हो सकती है।
तनाव के बीच बातचीत को लेकर अब तक की बड़ी घटनाएं:
- 21 मार्च: ट्रम्प ने ईरान को 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी कि ऐसा न होने पर ईरान के पावर प्लांट्स पर हमला किया जा सकता है।
- 23 मार्च: ईरान ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर उसके पावर प्लांट्स पर हमला हुआ तो वह खाड़ी देशों के ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाएगा।
- इसी दिन ट्रम्प ने बताया कि ईरान के पावर प्लांट्स पर संभावित हमले को फिलहाल पांच दिनों के लिए टाल दिया गया है।
- हालांकि, ईरान ने किसी भी तरह की बातचीत से इनकार करते हुए कहा कि अमेरिका यह सब बयान तेल की कीमतों को प्रभावित करने के लिए दे रहा है।
इस बीच दोनों देशों के बीच बयानबाजी तेज है, लेकिन पर्दे के पीछे कूटनीतिक हलचल जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं।




