रोनाल्डो ने रचा इतिहास, 6 वर्ल्ड कप में गोल करने वाले बने पहले खिलाड़ी: पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से रौंदा, कप्तान ने तोड़ा यूसेबियो का रिकॉर्ड

रोनाल्डो ने रचा इतिहास, 6 वर्ल्ड कप में गोल करने वाले बने पहले खिलाड़ी: पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से रौंदा, कप्तान ने तोड़ा यूसेबियो का रिकॉर्ड

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फुटबॉल वर्ल्ड कप के इतिहास में एक ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जिसे हासिल करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद मुश्किल माना जाएगा। पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं, जिन्होंने 6 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल किया है। 2026 फीफा वर्ल्ड कप में उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

ह्यूस्टन स्टेडियम में खेले गए मैच में रोनाल्डो ने मुकाबले के छठे मिनट में गोल दागकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज कराया। इसके बाद उन्होंने 39वें मिनट में एक और गोल कर टीम की बढ़त मजबूत कर दी। रोनाल्डो के इन दो गोल की बदौलत पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ पुर्तगाल ने न सिर्फ तीन अंक हासिल किए, बल्कि रोनाल्डो ने अपने देश के लिए वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड पुर्तगाल के महान खिलाड़ी यूसेबियो के नाम था, जिन्होंने वर्ल्ड कप में 9 गोल किए थे। रोनाल्डो अब टूर्नामेंट में पुर्तगाल के लिए 10 गोल कर चुके हैं।

हर वर्ल्ड कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी

रोनाल्डो ने 2006 से लेकर 2026 तक खेले गए सभी छह वर्ल्ड कप में गोल किया है। उन्होंने 2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026 वर्ल्ड कप में स्कोर किया है। इस तरह उन्होंने लगातार छह वर्ल्ड कप में गोल करने का अनोखा रिकॉर्ड बना दिया। इस उपलब्धि के मामले में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी भी उनके पीछे हैं। मेसी ने 2006, 2014, 2018, 2022 और 2026 वर्ल्ड कप में गोल किए हैं, लेकिन 2010 वर्ल्ड कप में वह गोल नहीं कर पाए थे।

रोनाल्डो और मेसी दोनों ही इस बार अपना छठा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं। दोनों खिलाड़ी छह वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बने हैं। हालांकि, रोनाल्डो ने अपने हर वर्ल्ड कप अभियान में गोल करके एक अलग मुकाम हासिल कर लिया है।

मैच की शुरुआत से ही पुर्तगाल का दबदबा

उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में पुर्तगाल ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया। टीम लगातार विपक्षी डिफेंस पर दबाव बनाती रही। चौथे मिनट में नूनो मेंडेस के शानदार क्रॉस पर रोनाल्डो गोल करने के करीब पहुंचे थे, लेकिन वह मौका गंवा बैठे। इसके सिर्फ दो मिनट बाद रोनाल्डो ने अपनी गलती सुधारते हुए शानदार फिनिश किया। जोआओ कैंसिलो के लो क्रॉस को रोनाल्डो ने दाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर गोल में बदल दिया। यह गोल उनके करियर के सबसे खास गोलों में शामिल हो गया, क्योंकि इसी के साथ उन्होंने छह वर्ल्ड कप में गोल करने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

नूनो मेंडेस ने बढ़ाई पुर्तगाल की बढ़त

पुर्तगाल ने इसके बाद भी हमले जारी रखे। 14वें मिनट में उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी खामरोबेकोव ने पेड्रो नेटो को फाउल किया, जिसके बाद पुर्तगाल को फ्री-किक मिली। सभी की नजरें रोनाल्डो पर थीं कि वह फ्री-किक लेंगे, लेकिन कप्तान ने गेंद अपने साथी खिलाड़ी के लिए छोड़ दी। नूनो मेंडेस ने 17वें मिनट में शानदार लो शॉट लगाया और गेंद को नेट में पहुंचाकर पुर्तगाल की बढ़त 2-0 कर दी।

उज्बेकिस्तान का गोल रिव्यू के बाद रद्द

उज्बेकिस्तान ने भी कुछ मौकों पर वापसी की कोशिश की। 29वें मिनट में अजीज गानिएव ने लंबी दूरी से बेहद शानदार शॉट लगाया, जो गोलपोस्ट के ऊपरी कोने में जा रहा था। गेंद नेट में पहुंच गई और उज्बेकिस्तान ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। लेकिन वीडियो रिव्यू के बाद यह गोल मान्य नहीं रहा। जांच में पाया गया कि इससे पहले पुर्तगाल के जोआओ कैंसिलो के खिलाफ फाउल हुआ था। इसी कारण उज्बेकिस्तान का गोल रद्द कर दिया गया।

रोनाल्डो ने तोड़ा यूसेबियो का रिकॉर्ड

पहले हाफ के खत्म होने से कुछ मिनट पहले रोनाल्डो ने अपना दूसरा गोल किया। 38वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडिस ने शानदार थ्रू पास दिया। रोनाल्डो ने डिफेंडरों को पीछे छोड़ते हुए गेंद पर नियंत्रण बनाया और उसे गोलकीपर के पास से निकालकर नेट में डाल दिया। यह गोल उनके वर्ल्ड कप करियर का 10वां गोल था। इसके साथ ही उन्होंने पुर्तगाल के महान खिलाड़ी यूसेबियो का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पहले हाफ की समाप्ति तक पुर्तगाल 3-0 से आगे था।

दूसरे हाफ में भी नहीं रुका पुर्तगाल का हमला

दूसरे हाफ में भी पुर्तगाल ने मैच पर अपनी पकड़ बनाए रखी। उज्बेकिस्तान की टीम गोल करने के लिए संघर्ष करती रही, जबकि पुर्तगाल लगातार मौके बनाता रहा। 57वें मिनट में रोनाल्डो फ्री-किक से अपना तीसरा गोल करने के करीब पहुंचे थे, लेकिन उज्बेकिस्तान के गोलकीपर अब्दुवोहिद नेमातोव ने शानदार बचाव करते हुए उन्हें रोक दिया।

इसके बाद 59वें मिनट में पुर्तगाल को चौथा गोल मिला। ब्रूनो फर्नांडिस के कॉर्नर पर जोआओ फेलिक्स ने बैक-हील फ्लिक किया। गेंद डिफेंडर अब्दुकोदिर खुसानोव से टकराई और गोलकीपर नेमातोव के हाथों से निकलकर गोल में चली गई। इस गोल को ओन गोल माना गया।

हैट्रिक से चूक गए रोनाल्डो

मैच के 73वें मिनट में रोनाल्डो के पास हैट्रिक पूरी करने के कई मौके आए। पहले उनका शॉट डिफेंडर से टकराकर बाहर चला गया। इसके बाद उन्होंने गोलकीपर पर दबाव बनाकर गेंद हासिल करने की कोशिश की, लेकिन नेमातोव ने शानदार बचाव करते हुए उन्हें रोक दिया। पहले हाफ के इंजरी टाइम में भी रोनाल्डो तीसरा गोल करने के करीब थे, लेकिन खुसानोव ने गोललाइन के पास से गेंद क्लियर कर दी थी।

राफेल लियाओ ने पूरी की जीत

मैच के आखिरी हिस्से में मैदान पर उतरे राफेल लियाओ ने पुर्तगाल की बड़ी जीत पर अंतिम मुहर लगाई। 87वें मिनट में नेल्सन सेमेडो के कट-बैक पर रोनाल्डो गेंद तक नहीं पहुंच सके, लेकिन पीछे मौजूद लियाओ ने शानदार शॉट लगाकर गेंद को टॉप कॉर्नर में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान को 5-0 से हराकर टूर्नामेंट में शानदार वापसी की।

रोनाल्डो का 20 साल से ज्यादा लंबा वर्ल्ड कप सफर

रोनाल्डो ने पहली बार 2006 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया था। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 21 साल थी। उसी टूर्नामेंट में उन्होंने अपना पहला वर्ल्ड कप गोल किया था। अब करीब दो दशक बाद भी वह दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंच पर लगातार रिकॉर्ड बना रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में रोनाल्डो के नाम सबसे ज्यादा 143 गोल दर्ज हैं। उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबला उनके करियर का 230वां इंटरनेशनल मैच भी रहा।

पुर्तगाल को मिली टूर्नामेंट की पहली जीत

इस वर्ल्ड कप में पुर्तगाल ने अपने पहले मुकाबले में डीआर कांगो के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेला था। ऐसे में उज्बेकिस्तान के खिलाफ जीत टीम के लिए बेहद जरूरी थी।

रोनाल्डो के शानदार प्रदर्शन और टीम के बेहतरीन खेल की बदौलत पुर्तगाल ने 5-0 की बड़ी जीत हासिल की। अब टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है और रोनाल्डो एक बार फिर साबित कर चुके हैं कि उम्र बढ़ने के बावजूद वह दुनिया के सबसे खतरनाक खिलाड़ियों में शामिल हैं।