वॉशिंग मशीन की सफाई के आसान घरेलू तरीके, इन टिप्स से मशीन रहेगी हमेशा फ्रेश

वॉशिंग मशीन की सफाई के आसान घरेलू तरीके, इन टिप्स से मशीन रहेगी हमेशा फ्रेश

आज के समय में लगभग हर घर में कपड़े धोने के लिए वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल किया जाता है। यह मशीन कपड़ों को जल्दी और आसानी से साफ कर देती है, लेकिन लगातार इस्तेमाल के कारण इसके अंदर गंदगी, डिटर्जेंट का जमा हुआ मैल और धूल भी इकट्ठा होने लगती है। अगर समय-समय पर मशीन की सफाई न की जाए तो कपड़ों में बदबू आने लगती है और कई बार गंदगी कपड़ों पर ही चिपक जाती है। खासतौर पर फ्रंट लोड और फुल ऑटोमैटिक मशीन को नियमित रूप से साफ करना जरूरी होता है। कुछ आसान घरेलू तरीकों से आप बिना सर्विस बुलाए ही अपनी वॉशिंग मशीन को चमका सकते हैं।

सबसे पहले दरवाजे की रबर साफ करें
मशीन की सफाई शुरू करने से पहले दरवाजे पर लगी रबर को अच्छे से साफ करना जरूरी है। रबर को थोड़ा बाहर की ओर खींचने पर उसमें जमा गंदगी साफ दिखाई देती है। स्पंज या कपड़े की मदद से इसे अच्छी तरह रगड़कर साफ कर लें। चाहें तो डिटर्जेंट में नींबू और बेकिंग सोडा मिलाकर भी सफाई कर सकते हैं, इससे जमी हुई गंदगी आसानी से निकल जाती है।

टब क्लीनिंग करना न भूलें
रबर और बाहरी हिस्से साफ करने के बाद मशीन के टब की सफाई करें। इसके लिए टब में डिटर्जेंट या वॉशिंग मशीन क्लीनिंग पाउडर डालकर टब क्लीनिंग मोड पर मशीन चला दें। इससे अंदर जमी हुई मैल और बदबू खत्म हो जाती है।

फिल्टर और पाइप की भी करें सफाई
मशीन के नीचे लगा फिल्टर भी समय-समय पर साफ करना जरूरी होता है। फिल्टर को निकालकर उसमें जमा पानी बाहर निकाल दें और टूथब्रश की मदद से पाइप को साफ कर लें। इसके बाद विनेगर, लिक्विड सोप और बेकिंग सोडा का घोल बनाकर मशीन के अंदर और बाहर वाले हिस्सों पर लगा सकते हैं।

डिटर्जेंट ट्रे की सफाई भी जरूरी
जहां डिटर्जेंट या नील डाला जाता है उस ट्रे को निकालकर अच्छी तरह धो लें। अंत में पूरी मशीन को सूखे और साफ कपड़े से पोंछ दें। टब को भी सूखा लें ताकि नमी न रहे।

इन आसान स्टेप्स को अपनाकर आप अपनी फ्रंट लोड वॉशिंग मशीन को घर पर ही अच्छी तरह साफ कर सकते हैं। नियमित सफाई से मशीन लंबे समय तक सही काम करती है और कपड़ों में भी हमेशा ताजगी बनी रहती है।