भारत में जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया सामने आई है। भारत और अमेरिका के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले के एक दिन बाद ट्रंप ने यूएसए क्रिकेट टीम की तारीफ करते हुए उन्हें टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी टीम में काफी ताकत है और पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मोनांक पटेल की कप्तानी वाली अमेरिकी टीम ने भारतीय टीम को जबरदस्त चुनौती दी। शुरुआती झटकों के बाद भारत मुश्किल में दिख रहा था, जब टीम ने महज 77 रन पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। इस स्थिति में भारतीय फैंस की धड़कनें तेज हो गई थीं।
हालांकि, सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेलते हुए भारत को संभाला और टीम इंडिया 161 रनों तक पहुंचने में सफल रही। लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिकी टीम ने भी संघर्ष किया, लेकिन अंत में 132 रन ही बना सकी और भारत ने मुकाबला 29 रनों से अपने नाम किया।
मैच के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें पता चला है कि क्रिकेट वर्ल्ड कप भारत में खेला जा रहा है और वह अमेरिकी टीम को ढेरों शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यूएसए की टीम काफी मजबूत है और अमेरिका उनके साथ है।
गौरतलब है कि अमेरिका की टीम को टूर्नामेंट से पहले ज्यादा तवज्जो नहीं दी जा रही थी, लेकिन भारत के खिलाफ उनके प्रदर्शन ने सभी को चौंका दिया। इससे पहले भी यूएसए की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2024 में पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराकर बड़ा उलटफेर कर चुकी है।
भारत के खिलाफ शानदार खेल दिखाने के बाद अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बाकी टीमें अमेरिका को हल्के में लेने की गलती नहीं करना चाहेंगी।



