ईरान-इजराइल तनाव से शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1353 अंक लुढ़का

ईरान-इजराइल तनाव से शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1353 अंक लुढ़का

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका-इजराइल तथा ईरान के बीच युद्ध जैसे हालात का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। सोमवार 9 मार्च को बाजार में तेज बिकवाली के चलते सेंसेक्स 1353 अंक यानी करीब 1.71% गिरकर 77,566 के स्तर पर बंद हुआ।

इसी तरह निफ्टी भी दबाव में रहा और 422 अंक (1.73%) टूटकर 24,028 पर बंद हुआ। बाजार में सबसे ज्यादा बिकवाली बैंकिंग, ऑटो, मेटल, एनर्जी और FMCG सेक्टर के शेयरों में देखने को मिली।

निवेशकों की संपत्ति में भारी गिरावट

मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के कारण निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है। इसके चलते शेयर बाजार में लगातार बिकवाली हो रही है। 27 फरवरी को BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप लगभग ₹4.63 लाख करोड़ था, जो 9 मार्च तक घटकर करीब ₹4.41 लाख करोड़ रह गया। इस तरह निवेशकों की करीब ₹22 लाख करोड़ की संपत्ति कम हो गई।

रुपये में रिकॉर्ड गिरावट

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी दबाव में है। आज रुपया 46 पैसे कमजोर होकर 92.33 प्रति डॉलर के स्तर पर पहुंच गया, जो अब तक का सबसे निचला स्तर माना जा रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक अनिश्चितता इसका प्रमुख कारण मानी जा रही है।

कच्चे तेल में तेज उछाल

मिडिल ईस्ट संकट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में जोरदार उछाल आया है। तेल की कीमत करीब 25% बढ़कर 116 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। पिछले 10 दिनों में कच्चा तेल लगभग 60% महंगा हो चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि हालात बिगड़ने पर यह कीमत 150 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती है। इससे भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम 5 से 6 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

सोना-चांदी भी हुए महंगे

वैश्विक अनिश्चितता के बीच निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं, जिसका असर सोने-चांदी की कीमतों पर भी दिखा। IBJA के अनुसार 24 कैरेट सोना 800 रुपए बढ़कर 10 ग्राम के लिए 1.60 लाख रुपए हो गया। वहीं चांदी की कीमत 2000 रुपए बढ़कर 2.63 लाख रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई।

बाजार गिरने के प्रमुख कारण

  • ईरान-इजराइल युद्ध से सप्लाई चेन बाधित होने का खतरा
  • कच्चे तेल के दाम बढ़ने से महंगाई और आयात बिल बढ़ने की आशंका
  • अमेरिका और एशियाई शेयर बाजारों में आई कमजोरी का असर

एशियाई बाजारों में भी गिरावट

सोमवार को एशिया के प्रमुख शेयर बाजार भी दबाव में रहे। दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 5.96% गिरकर 5,251 पर बंद हुआ। जापान का निक्केई 5.20% टूटकर 52,728 पर आ गया। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग 1.35% गिरा और चीन का शंघाई कंपोजिट भी हल्की गिरावट के साथ 4,096 पर बंद हुआ।

अमेरिकी बाजार भी कमजोर

इससे पहले 6 मार्च को अमेरिकी बाजारों में भी गिरावट देखने को मिली थी। डाउ जोन्स 453 अंक गिरकर 47,501 पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट 1.59% और S&P 500 इंडेक्स 1.33% नीचे बंद हुआ था।

शुक्रवार को भी बाजार में गिरावट

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार 6 मार्च को भी भारतीय बाजार कमजोर रहे थे। उस दिन सेंसेक्स 1097 अंक गिरकर 78,919 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 315 अंक टूटकर 24,450 पर आ गया था।