टी-20 वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम इंडिया के जश्न से जुड़ा एक वीडियो अब विवाद का कारण बन गया है। भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर बेंगलुरु में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में लिखित रूप से दी है। उनका आरोप है कि जश्न के दौरान पंड्या ने तिरंगे के साथ ऐसा व्यवहार किया, जो राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के खिलाफ माना जा सकता है।
वायरल वीडियो बना शिकायत की वजह
वकील के मुताबिक, भारत की जीत के बाद अहमदाबाद में मैदान पर खिलाड़ियों के जश्न के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इन्हीं में से एक वीडियो में हार्दिक पंड्या अपने कंधों पर तिरंगा ओढ़े हुए मैदान में दौड़ते और डांस करते नजर आ रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसी दौरान एक और दृश्य में पंड्या मंच पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए दिखाई देते हैं, जबकि उनके कंधे पर तिरंगा मौजूद था। उनका दावा है कि इस तरह का व्यवहार राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के अनुरूप नहीं है।
राष्ट्रीय सम्मान कानून का हवाला
वाजिद खान ने अपनी शिकायत में द प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971 का उल्लेख किया है। इस कानून के तहत राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान जैसे प्रतीकों का अपमान दंडनीय अपराध माना जाता है। शिकायत में कहा गया है कि कानून की धारा 2 के अनुसार तिरंगे को जमीन पर गिरने देना, अनुचित तरीके से इस्तेमाल करना या उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना अपराध की श्रेणी में आता है।
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत
वकील ने बताया कि शुरुआत में पुलिस ने कहा था कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए मामला वहीं दर्ज होना चाहिए। हालांकि उन्होंने तर्क दिया कि तिरंगा पूरे देश का राष्ट्रीय प्रतीक है, इसलिए इसकी शिकायत भारत में कहीं भी दर्ज कराई जा सकती है। इसके बाद पुलिस ने उनकी लिखित शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी कॉपी भी उन्हें सौंप दी। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।




