जिम में पसीना बहाने के बाद अगर आप सिर्फ पानी या कार्ब्स पर ध्यान देते हैं और प्रोटीन को नजरअंदाज कर देते हैं, तो यह आपकी फिटनेस जर्नी के लिए नुकसानदेह हो सकता है। अक्सर लोग मानते हैं कि प्रोटीन केवल मसल बनाने वालों के लिए जरूरी है, लेकिन सच्चाई इससे कहीं अलग है।
कार्डियो वर्कआउट के बाद भी शरीर को प्रोटीन की जरूरत होती है, क्योंकि यह मसल्स की रिकवरी और शरीर की परफॉर्मेंस को बनाए रखने में मदद करता है। चाहे आपका लक्ष्य वजन कम करना हो या फिट रहना, सही समय पर प्रोटीन लेना बेहद जरूरी है।
क्यों जरूरी है कार्डियो के बाद प्रोटीन?
वर्कआउट के दौरान शरीर की मसल्स पर दबाव पड़ता है। ऐसे में प्रोटीन लेने से मसल्स जल्दी रिपेयर होती हैं और आप अगली ट्रेनिंग के लिए तैयार रहते हैं। साथ ही, यह लीन मसल मास को बनाए रखने में भी मदद करता है, जो फैट लॉस के दौरान बहुत अहम होता है। इसके अलावा, प्रोटीन भूख को नियंत्रित करता है और ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखता है, जिससे अनहेल्दी खाने की क्रेविंग कम होती है।
कितनी मात्रा में लें प्रोटीन?
आमतौर पर एक्सरसाइज के बाद 20 से 30 ग्राम प्रोटीन पर्याप्त माना जाता है। हालांकि यह आपकी ट्रेनिंग की तीव्रता, पूरे दिन के प्रोटीन सेवन और फिटनेस लक्ष्य पर भी निर्भर करता है।
कैसा प्रोटीन चुनें?
आप व्हे प्रोटीन या प्लांट-बेस्ड प्रोटीन (जैसे मटर या चावल से बने) का चुनाव कर सकते हैं। ध्यान रखें कि प्रोटीन शेक में शुगर कम हो और उसमें अनावश्यक फिलर्स न हों। शेक के अलावा आप इसे ओट्स, स्मूदी या अन्य हेल्दी रेसिपी में भी शामिल कर सकते हैं।
इन गलतियों से रहें दूर
कई लोग कार्डियो के बाद सिर्फ पानी और कार्ब्स लेते हैं लेकिन प्रोटीन भूल जाते हैं, जिससे रिकवरी धीमी हो जाती है। वहीं कुछ लोग प्रोटीन शेक को ही पूरा भोजन मान लेते हैं, जो सही नहीं है।
याद रखें, प्रोटीन शेक केवल सप्लीमेंट है, इसे बैलेंस डाइट के साथ ही लेना चाहिए। अगर आप अपने फिटनेस रिजल्ट्स को बेहतर बनाना चाहते हैं, तो कार्डियो के बाद प्रोटीन को अपनी रूटीन का जरूरी हिस्सा जरूर बनाएं।




