गर्मी में डायबिटीज मरीजों के लिए अलर्ट: क्या खाएं, क्या करें अवॉइड, एक्सपर्ट की खास सलाह

गर्मी में डायबिटीज मरीजों के लिए अलर्ट: क्या खाएं, क्या करें अवॉइड, एक्सपर्ट की खास सलाह

तेज गर्मी के साथ ही खानपान की आदतों में बदलाव आ जाता है और लोग ठंडक पाने के लिए मीठे पेय और जूस का ज्यादा सेवन करने लगते हैं। लेकिन यही आदत डायबिटीज (मधुमेह) के मरीजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, लापरवाही से लिया गया मीठा और ठंडा आहार ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लोग अक्सर शरबत, कोल्ड ड्रिंक्स और मीठे जूस पीते हैं, जो शरीर को ठंडक तो देते हैं, लेकिन शुगर लेवल को असंतुलित कर देते हैं। ऐसे में डायबिटीज मरीजों को अपने खानपान को लेकर ज्यादा सजग रहने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि जिन लोगों का शुगर लेवल नियंत्रित रहता है, वे सीमित मात्रा में कुछ चीजें खा सकते हैं। वहीं, जिनका ब्लड शुगर अधिक रहता है, उन्हें मीठी चीजों से खास परहेज करना चाहिए। गर्मी में राहत के लिए बिना चीनी या कम चीनी वाला नींबू पानी और नारियल पानी बेहतर विकल्प हो सकता है। इसमें गोंद कतीरा मिलाने से शरीर को ठंडक मिलती है और शुगर भी नियंत्रित रहती है।

आयुर्वेद के अनुसार, धनिया, गोंद कतीरा और अमलतास जैसी चीजें गर्मी में फायदेमंद मानी जाती हैं। अमलतास के गूदे को धनिया के साथ भिगोकर सेवन करने से शरीर को ठंडक मिलती है और ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा कम होता है।

इन फलों को डाइट में करें शामिल
डायबिटीज मरीज गर्मियों में हरा सेब, नाशपाती, जामुन और बेरी जैसे फलों का सेवन कर सकते हैं। ये शरीर को पोषण देने के साथ शुगर को भी नियंत्रित रखने में मदद करते हैं।

डाइट में रखें ये बदलाव
भोजन के साथ सलाद जरूर शामिल करें और भारी दूध से बने शेक से दूरी बनाएं। लस्सी की जगह छाछ पीना ज्यादा फायदेमंद होता है। नींबू पानी में चिया सीड्स या गोंद कतीरा मिलाकर पी सकते हैं। साथ ही, खट्टे आम से बना पन्ना सीमित मात्रा में लिया जा सकता है।

रोजाना वॉक भी है जरूरी
खाना खाने के 10-15 मिनट बाद हल्की वॉक करना बेहद जरूरी है। इससे ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है और शरीर एक्टिव बना रहता है।

गर्मियों में थोड़ी सावधानी और सही खानपान अपनाकर डायबिटीज मरीज अपने शुगर लेवल को आसानी से संतुलित रख सकते हैं।