राहुल गांधी का कांगड़ा दौरा, कांगड़ा के गुप्त गंगा में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का करेंगे समापन

राहुल गांधी का कांगड़ा दौरा, कांगड़ा के गुप्त गंगा में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर का करेंगे समापन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित गुप्त गंगा पहुंच चुके हैं, जहां वह हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

यह दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 21 अप्रैल से आयोजित किया जा रहा था, जिसमें तीन राज्यों के जिला स्तर के पार्टी पदाधिकारियों को संगठनात्मक रणनीति और चुनावी तैयारी को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। राहुल गांधी यहां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम का समापन करेंगे।

अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर देंगे और आगामी पंचायत व स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे। उनका यह दौरा कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

राहुल गांधी सुबह दिल्ली से गगल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वह सीधे कांगड़ा के गुप्त गंगा पहुंचे। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के जरिए पार्टी नेतृत्व न केवल संगठनात्मक मजबूती पर फोकस करेगा, बल्कि आने वाले चुनावों के लिए रणनीति को भी अंतिम रूप देने की कोशिश करेगा।