सीचेवाल की पावन धरती पर पहुंचेगे CM मान, संत अवतार सिंह जी की बरसी में देंगे श्रद्धांजलि

सीचेवाल की पावन धरती पर पहुंचेगे CM मान, संत अवतार सिंह जी की बरसी में देंगे श्रद्धांजलि

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज जालंधर जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री दोपहर के समय सुल्तानपुर लोधी के निकट स्थित पवित्र धार्मिक स्थल निर्मल कुटिया, सीचेवाल पहुंचेंगे। यहां वे महान संत और समाज सुधारक संत अवतार सिंह जी की 38वीं पुण्यतिथि पर आयोजित धार्मिक समागम में शामिल होकर श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

यह वार्षिक समागम हर वर्ष श्रद्धा, सेवा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित किया जाता है, जिसमें पंजाब सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस अवसर पर गुरबाणी कीर्तन, धार्मिक दीवान और सामूहिक अरदास का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री मान भी संगत के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेकर संतों की शिक्षाओं को याद करेंगे।

समारोह में राज्यसभा सांसद और पर्यावरण संरक्षण के लिए देशभर में पहचान बना चुके संत बलबीर सिंह सीचेवाल की विशेष उपस्थिति रहेगी। संत सीचेवाल लंबे समय से काली बेईं नदी के पुनर्जीवन, स्वच्छता अभियान और समाज सेवा के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उनके प्रयासों को देश और विदेश में सराहा जा चुका है।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री मान अपने संबोधन में संत अवतार सिंह जी द्वारा समाज को दिए गए आध्यात्मिक और मानवीय संदेशों का उल्लेख कर सकते हैं। साथ ही पंजाब में पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति और सामाजिक एकता जैसे मुद्दों पर भी अपने विचार रख सकते हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जबकि संगत की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध भी किए गए हैं।

धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अहम माने जाने वाले इस समागम में कई धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। सीचेवाल की पावन धरती पर होने वाला यह आयोजन एक बार फिर सेवा, सादगी और मानवता का संदेश देने का माध्यम बनेगा।