अक्षय तृतीया का दिन बेहद शुभ माना जाता है और इस मौके पर लोग सोना-चांदी खरीदना पसंद करते हैं। मान्यता है कि इस दिन की गई खरीदारी में कभी कमी नहीं आती और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है। लेकिन बढ़ती कीमतों के कारण हर कोई कीमती धातुएं खरीद पाने में सक्षम नहीं होता। ऐसे में आप एक सस्ती और शुभ चीज खरीदकर भी वही फल पा सकते हैं।
अगर आपका बजट सोने-चांदी के लिए नहीं बन रहा है, तो इस दिन साबुत धनिया खरीदना भी उतना ही शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनिया के बीज मां लक्ष्मी को प्रिय होते हैं और इन्हें घर लाना धन-समृद्धि को आमंत्रित करने जैसा माना जाता है।
कहा जाता है कि जैसे धनिया के बीज बोने पर तेजी से बढ़ते हैं, वैसे ही इस दिन इन्हें खरीदने से घर में धन की वृद्धि होती है और आर्थिक परेशानियां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। खासतौर पर जिन लोगों को पैसों की तंगी या कर्ज की समस्या रहती है, उनके लिए यह उपाय लाभकारी माना जाता है।
अब सवाल आता है कि इन बीजों का क्या करें? तो सबसे पहले अक्षय तृतीया के दिन धनिया को घर लाकर मां लक्ष्मी के चरणों में अर्पित करें और विधि-विधान से पूजा करें। पूजा के बाद इन बीजों को लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी या धन रखने की जगह पर रख दें। कुछ लोग इस दिन धनिया से पंजीरी बनाकर भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी को भोग भी लगाते हैं। साथ ही, थोड़े से बीज मिट्टी में बोना भी शुभ माना जाता है, जो घर में निरंतर वृद्धि और खुशहाली का प्रतीक होता है।
इस तरह बिना ज्यादा खर्च किए भी आप अक्षय तृतीया का पूरा लाभ उठा सकते हैं और घर में सुख-समृद्धि का स्वागत कर सकते हैं।



