पंजाब के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने राज्य की अनाज मंडियों में चल रही गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लेते हुए बताया कि इस सीजन में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। अब तक मंडियों में 28 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूं की आवक दर्ज की जा चुकी है, जिसमें से 24 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा फसल की खरीद हो चुकी है।
इस मौके पर उन्होंने किसानों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और मौके पर ही एक किसान की फसल की खरीद सुनिश्चित करवाई।
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने मंडियों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में कोई परेशानी नहीं हो रही। उन्होंने जानकारी दी कि न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से अब तक किसानों के खातों में लगभग 647 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित नियमों के अनुसार 48 घंटों के भीतर किसानों को भुगतान किया जा रहा है और फसल की उठान (लिफ्टिंग) भी तेजी से की जा रही है।
लाल चंद कटारूचक्क ने अधिकारियों और खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि मंडियों में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बोरे, मजदूर और परिवहन जैसी सभी व्यवस्थाओं को पर्याप्त बनाए रखने पर जोर दिया गया है, ताकि गेहूं खरीद प्रक्रिया बिना रुकावट जारी रह सके।




