गुरुग्राम में HPSC परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम, 56 केंद्रों पर होगी परीक्षा

गुरुग्राम में HPSC परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम, 56 केंद्रों पर होगी परीक्षा

हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा आयोजित एचसीएस (एग्जीक्यूटिव ब्रांच) व अन्य संबद्ध सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर गुरुग्राम में प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षार्थी 26 अप्रैल को परीक्षा देंगे।

परीक्षा की निष्पक्षता और सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। इसी कड़ी में आयोग की सदस्य ममता यादव ने लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान केंद्र अधीक्षकों, पेपर वितरण अधिकारियों और मजिस्ट्रेट्स को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी। पहला सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। अभ्यर्थियों को पहले सत्र के लिए सुबह 8:30 बजे और दूसरे सत्र के लिए दोपहर 1:30 बजे से प्रवेश दिया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा, इसलिए उम्मीदवारों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।