पंजाब में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े ठिकानों पर एक साथ रेड की। यह कार्रवाई धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) की जांच के तहत की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक चंडीगढ़, लुधियाना, पटियाला, नाभा और जालंधर सहित कई स्थानों पर करीब 11 परिसरों की तलाशी ली जा रही है। ये ठिकाने आरोपी, उसके सहयोगियों और कथित बेनामी संपत्तियों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
यह जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज मामले पर आधारित है। सीबीआई ने अक्टूबर 2025 में भुल्लर को एक आपराधिक केस के निपटारे के लिए बिचौलिए के जरिए रिश्वत मांगने और आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
सीबीआई की पहले की जांच में भुल्लर के ठिकानों से भारी मात्रा में नकदी, कीमती गहने और संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए थे। तलाशी के दौरान करोड़ों रुपये की नकदी, महंगी घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण और विभिन्न शहरों में फैली जमीनों के कागजात सामने आए थे। इसके अलावा लग्जरी कारें और बैंक खातों से जुड़ी जानकारी भी जांच एजेंसियों को मिली थी।
ईडी का मौजूदा अभियान कथित अवैध संपत्ति के स्रोत का पता लगाने, बेनामी संपत्तियों की पहचान करने और धन शोधन से जुड़े साक्ष्य जुटाने पर केंद्रित है।




