पंजाब को बड़ी राहत: अनाज उठान के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, केंद्र ने दी मंजूरी

पंजाब को बड़ी राहत: अनाज उठान के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, केंद्र ने दी मंजूरी

भगवंत मान ने नई दिल्ली में केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी के साथ अहम बैठक की, जिसमें पंजाब से अनाज उठान को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। केंद्र सरकार ने राज्य में जमा करीब 155 लाख मीट्रिक टन अनाज को उठाने के लिए विशेष ट्रेनें चलाने पर सहमति जताई है।

इस निर्णय से रबी सीजन से पहले राज्य में भंडारण की समस्या को काफी हद तक हल करने में मदद मिलेगी। लंबे समय से मंडियों में पड़े अनाज के कारण किसानों और एजेंसियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य से जुड़े कई अन्य अहम मुद्दे भी उठाए। इनमें ग्रामीण विकास फंड के तहत बकाया करीब 9,000 करोड़ रुपये, अधिक नकद ऋण ब्याज दरें, ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के लिए मुआवजा और आढ़तियों की लंबित मांगें शामिल रहीं।

केंद्रीय मंत्री ने इन सभी विषयों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए भरोसा दिलाया कि समस्याओं के समाधान के लिए सचिव स्तर पर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए कहा कि पंजाब से जुड़े मुद्दों पर केंद्र के साथ विस्तृत चर्चा हुई है और जल्द ही ठोस नतीजे सामने आने की उम्मीद है।