पंजाब में धार्मिक बेअदबी के मामलों पर सख्त कार्रवाई के लिए सरकार एक मजबूत कानून लाने की तैयारी कर रही है। आम आदमी पार्टी के नेता कुलदीप सिंह धालीवाल ने जानकारी दी कि 13 अप्रैल को होने वाला विधानसभा का विशेष सत्र इस अहम विधेयक को लेकर निर्णायक साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कानून को प्रभावी बनाने के लिए इसमें कठोर प्रावधान शामिल किए जा रहे हैं, ताकि दोषियों को सख्त सजा मिल सके। सरकार ऐसे कदमों पर भी विचार कर रही है, जिनमें अपराधियों की चल और अचल संपत्ति जब्त करने जैसी कार्रवाई शामिल हो सकती है।
धालीवाल ने बताया कि डिजिटल माध्यमों के जरिए होने वाली बेअदबी को भी इस कानून के दायरे में लाया जाएगा, जिसमें जुर्माना और जेल दोनों का प्रावधान होगा। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से इस विषय पर लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं।
उन्होंने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और अन्य धार्मिक संगठनों से अपील की कि यदि उनके पास कोई सुझाव हैं तो वे तुरंत साझा करें, ताकि कानून को और मजबूत बनाया जा सके।
इसके साथ ही संत समाज को भी विशेष सत्र के दौरान विधानसभा की दर्शक दीर्घा में आमंत्रित किया गया है, ताकि वे इस प्रक्रिया को प्रत्यक्ष देख सकें।
बताया जा रहा है कि डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर की अध्यक्षता वाली सेलेक्ट कमेटी और कानूनी विशेषज्ञ इस विधेयक के मसौदे को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। सरकार का लक्ष्य बेअदबी के खिलाफ देश के सबसे सख्त कानूनों में से एक तैयार करना है।




