गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यात्रा सात राज्यों के 47 शहरों से गुजरेगी, नितिन नबीन बोले- पंजाब में बदलाव के नाम पर जनता के साथ हुआ विश्वासघात
जालंधर। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों को तेज करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जालंधर की धरती से देशव्यापी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह यात्रा सात राज्यों के 47 शहरों से होकर गुजरेगी। इसका उद्देश्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को देशभर के घरों तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, वरिष्ठ नेता तरुण चुघ और पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। यात्रा रवाना करने से पहले नितिन नबीन ने डेरा सचखंड बल्लां में माथा टेका और संत निरंजन दास जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने भगवान वाल्मीकि जी, श्री गुरु रविदास जी महाराज और महान गुरु साहिबानों के समक्ष भी नतमस्तक होकर श्रद्धा व्यक्त की।
पटना साहिब से संबंध रखने वाले नितिन नबीन ने संगत का अभिवादन ‘सत श्री अकाल’ कहकर किया। उन्होंने कहा कि संत समाज के आशीर्वाद से शुरू हुई यह यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग को त्याग, समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव के सूत्र में जोड़ने का काम करेगी। गुरु रविदास जी की विचारधारा केवल किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने का संकल्प
नितिन नबीन ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज का जीवन और उनकी वाणी सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने तथा समानता पर आधारित समाज की स्थापना का संदेश देते हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी सदियों पहले थीं। गुरु जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, आर्थिक स्थिति या सामाजिक पहचान के आधार पर भेदभाव न हो।
उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा यानी 29 जुलाई 2026 को काशी से कलश वंदना यात्राओं के माध्यम से इस अभियान की शुरुआत की गई थी। अब इसे देशव्यापी स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने उन माताओं, बहनों, बेटियों और नागरिकों का आभार जताया, जो गुरु रविदास जी की वाणी और विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता और समान अवसरों की भावना को मजबूत करना भी है। यात्रा के माध्यम से लोगों को गुरु रविदास जी के जीवन, संघर्ष और उनके सामाजिक दर्शन से परिचित कराया जाएगा।
मोदी सरकार ने गुरु रविदास जी की विरासत को दिया सम्मान
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज की विरासत और उनके ऐतिहासिक महत्व को सम्मान देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास जी के नाम पर रखना, संत निरंजन दास जी को पद्मश्री सम्मान प्रदान करना, मध्य प्रदेश के सागर में 101 करोड़ रुपये की लागत से भव्य मंदिर का निर्माण और काशी स्थित गुरु रविदास जी के जन्मस्थान पर सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां सभी को भोजन मिले और कोई भी व्यक्ति अभाव में जीवन जीने के लिए मजबूर न हो। उनकी प्रसिद्ध पंक्ति ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न’ इसी आदर्श को दर्शाती है।
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुफ्त राशन और प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित परिवारों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। पिछड़े और वंचित वर्गों के युवा डॉक्टर, इंजीनियर और अन्य पेशेवर क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें।
आप सरकार की विदाई का समय नजदीक : नितिन नबीन
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने पंजाब की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर भी जमकर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में आप सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि त्याग, मेहनत और वीर सैनिकों की धरती पंजाब के लोगों के साथ सरकार ने विश्वासघात किया है। चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के बजाय राज्य के युवाओं को नशे, बेरोजगारी और मजबूरी में विदेश पलायन की ओर धकेला जा रहा है।
नितिन नबीन ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशामुक्त बनाने का वादा किया था, लेकिन सरकार अपने इस संकल्प को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय सरकार की नीतियों के कारण युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है। भाजपा अपने नशामुक्त अभियान को निर्णायक सफलता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने राज्य में उद्योगों की स्थिति और रोजगार के अवसरों को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि पंजाब में औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। इसके कारण बड़ी संख्या में युवा दूसरे राज्यों और विदेशों की ओर जाने के लिए मजबूर हैं।
गैंगस्टरों के कारण कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराधियों और गैंगस्टरों के हौसले बुलंद हैं। स्थिति यह है कि पुलिस कर्मचारी और पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून का राज कमजोर हुआ है और सरकार की प्राथमिकताएं राज्य के हितों के बजाय दिल्ली के राजनीतिक नेतृत्व को खुश करने पर केंद्रित हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पंजाब की जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए, लेकिन वह अरविंद केजरीवाल के लिए एटीएम की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बदलाव के नाम पर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता के पैसे और विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है।
राज्य सरकार के प्रचार आधारित करोड़पति कार्यक्रम पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार करोड़ों युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और अब एक युवा को करोड़पति बनाने का प्रचार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है और सरकार को विभिन्न मामलों में हाईकोर्ट की ओर से भी लगातार सवालों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब को प्रचार नहीं, बल्कि रोजगार, उद्योग, सुरक्षा और विकास की जरूरत है।
आपातकाल और 1984 के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
नितिन नबीन ने कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद को संविधान का रक्षक बताती है, लेकिन उसके शासनकाल में ही आपातकाल लगाकर लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों को कमजोर किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पंजाब को भी गहरे राजनीतिक और सामाजिक जख्म दिए हैं।
1984 के सिख नरसंहार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक नवंबर 1984 को, जब दिल्ली सहित देश के कई हिस्सों में सिख समुदाय के लोगों के खिलाफ हिंसा हुई थी, उसी दिन कांग्रेस नेताओं ने रामलीला मैदान में रैली की थी। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय और देश के लोग उस दौर की घटनाओं को भूले नहीं हैं और कांग्रेस को इसका जवाब देना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के इतिहास, सिख समुदाय की भावनाओं और 1984 के पीड़ितों को न्याय दिलाने के मुद्दे को गंभीरता से उठाती रहेगी।
राहुल गांधी की विदेश में की गई टिप्पणियों पर भी साधा निशाना
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के विभिन्न देशों में भारत की आर्थिक क्षमता, निवेश संभावनाओं और वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि राहुल गांधी विदेशी मंचों पर भारतीय लोकतंत्र और देश की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हैं।
उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय सहित विदेशी संस्थानों में राहुल गांधी की ओर से दिए गए बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक तरफ विश्व बैंक, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व आर्थिक मंच भारत की आर्थिक प्रगति की सराहना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेता देश की स्थिति को लेकर नकारात्मक तस्वीर पेश कर रहे हैं।
नितिन नबीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सोच में ही निराशा है। उन्होंने कहा कि भारत की 140 करोड़ आबादी, विशेषकर महिलाएं, आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और देश वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
गुरु रविदास जी की विचारधारा सामाजिक साझेदारी का आधार : केवल सिंह ढिल्लों
कार्यक्रम में पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज की पावन वाणी और उनके महान उपदेश पूरी मानवता को सामाजिक समानता, आपसी प्रेम, भाईचारे, साझीवालता और मानवीय सम्मान का संदेश देते हैं। गुरु जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां प्रत्येक व्यक्ति को बराबरी का अधिकार मिले और किसी के साथ भेदभाव न हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार गुरु साहिब की इसी विचारधारा से प्रेरणा लेकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर गरीबों, पिछड़ों और वंचित परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि गुरु रविदास जी से जुड़े पवित्र स्थलों का विकास, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार और उनके नाम से जुड़े विकास कार्य गुरु साहिब के प्रति सम्मान को दर्शाते हैं। आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास जी महाराज के नाम पर रखना भी इसी सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समरसता संकल्प यात्रा को केवल राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह गुरु रविदास जी की विचारधारा को पंजाब के हर घर और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का श्रद्धापूर्ण प्रयास है।
पांच दिनों तक पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगी यात्रा
केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान यात्रा पंजाब के विभिन्न शहरों और क्षेत्रों में पहुंचेगी। इसके माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का प्रचार किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता और संगतें इस अभियान में भाग लेकर गुरु जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से इस यात्रा की शुरुआत को भाजपा के लिए धार्मिक और राजनीतिक दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ पार्टी गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के माध्यम से सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ पंजाब की आप सरकार और कांग्रेस को निशाने पर लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने में भी जुटी है।
सात राज्यों और 47 शहरों तक पहुंचने वाली इस यात्रा के जरिए भाजपा का लक्ष्य गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को व्यापक स्तर पर प्रचारित करना और सामाजिक संगठनों तथा आम लोगों के साथ संवाद बढ़ाना है। पंजाब में अगले पांच दिनों के कार्यक्रमों से यह भी स्पष्ट होगा कि पार्टी इस अभियान को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में किस तरह आगे बढ़ाती है।




