क्या हर घबराहट एंग्जाइटी है? जानिए शरीर में दिखने वाले इसके आम संकेत

क्या हर घबराहट एंग्जाइटी है? जानिए शरीर में दिखने वाले इसके आम संकेत

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव और चिंता लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बनते जा रहे हैं। कई बार बिना किसी बड़ी वजह के अचानक दिल की धड़कन तेज हो जाती है, सांस भारी लगने लगती है या शरीर बेचैन महसूस करता है। अक्सर लोग इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन ये एंग्जाइटी यानी चिंता विकार के संकेत भी हो सकते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक एंग्जाइटी सिर्फ मानसिक परेशानी नहीं है, बल्कि इसका असर पूरे शरीर पर दिखाई देता है। जब दिमाग किसी खतरे या दबाव को महसूस करता है, तब शरीर अलर्ट मोड में चला जाता है। इसी दौरान तनाव से जुड़े हार्मोन जैसे कोर्टिसोल और एड्रेनालाईन तेजी से रिलीज होते हैं, जिससे कई शारीरिक बदलाव महसूस होने लगते हैं।

एंग्जाइटी के दौरान दिख सकते हैं ये लक्षण

सीने में दबाव और दिल की धड़कन बढ़ना
चिंता बढ़ने पर सबसे पहले असर दिल और छाती पर दिखाई देता है। अचानक धड़कन तेज होना, बेचैनी महसूस होना या छाती में जकड़न एंग्जाइटी के सामान्य संकेत माने जाते हैं।

सांस लेने में परेशानी
कई लोगों को एंग्जाइटी के दौरान ऐसा महसूस होता है जैसे सांस पूरी नहीं आ रही हो। तेजी से सांस चलना, घुटन महसूस होना या हल्का चक्कर आना भी इसके लक्षण हो सकते हैं।

पेट से जुड़ी समस्याएं
तनाव का असर सिर्फ दिमाग तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पाचन तंत्र भी प्रभावित होता है। ज्यादा चिंता होने पर पेट फूलना, मतली, बार-बार वॉशरूम जाने की जरूरत महसूस होना या पेट खराब रहने जैसी दिक्कतें शुरू हो सकती हैं।

गर्दन और पीठ में अकड़न
जब शरीर लगातार तनाव में रहता है तो मांसपेशियां सिकुड़ने लगती हैं। इससे कंधों में जकड़न, गर्दन दर्द और पीठ भारी महसूस होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

क्यों बढ़ रही है एंग्जाइटी की समस्या?

विशेषज्ञों का कहना है कि आजकल लोग खुद पर जरूरत से ज्यादा दबाव बना रहे हैं। काम, करियर, रिश्ते और सामाजिक अपेक्षाओं का तनाव कई बार मन पर इतना हावी हो जाता है कि व्यक्ति लगातार चिंता में रहने लगता है। अगर समय रहते इसे समझा और संभाला न जाए तो यह मानसिक और शारीरिक दोनों स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है।

Photo : (Getty Images)