पंजाब में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्र सरकार की 9 सदस्यीय टीम आज राज्य का दौरा करेगी। यह टीम प्रभावित जिलों में जाकर खेतों और मंडियों की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण करेगी।
टीम का नेतृत्व केंद्रीय उपभोक्ता मामले एवं खाद्य मंत्रालय के उप निदेशक पी.के. सिंह कर रहे हैं। उनके साथ भारतीय खाद्य निगम (FCI) और राज्य प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। निरीक्षण के दौरान फसलों, विशेषकर गेहूं की गुणवत्ता और नमी स्तर की जांच की जाएगी।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार कई क्षेत्रों में गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित हुई है, जबकि लगभग 1.30 लाख एकड़ क्षेत्र में फसल नुकसान की बात सामने आई है। वहीं, बड़े स्तर पर उपज की गुणवत्ता खराब होने की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
केंद्र की टीम अपनी रिपोर्ट के आधार पर आगे की नीतिगत सिफारिशें तैयार करेगी, जिसमें खरीद प्रक्रिया और गुणवत्ता मानकों से जुड़े निर्णय शामिल हो सकते हैं।
इस बीच भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने केंद्र से अपील की है कि प्रभावित फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के तहत की जाए और नियमों में कुछ ढील दी जाए, ताकि किसानों को नुकसान से राहत मिल सके।




