पंजाब कैबिनेट की आज अहम बैठक, निवेश और सियासी हालात पर हो सकता है मंथन

पंजाब कैबिनेट की आज अहम बैठक, निवेश और सियासी हालात पर हो सकता है मंथन

पंजाब में आज मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 3:30 बजे मुख्यमंत्री आवास, चंडीगढ़ में होगी।

हालांकि बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार इसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि बैठक “टेबल एजेंडा” के तहत हो सकती है, जिसमें पूर्व निर्धारित सूची के अलावा नए प्रस्ताव भी सीधे बैठक में रखे जा सकते हैं।

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि हाल ही में कुछ राज्यसभा सदस्यों द्वारा पार्टी से दूरी बनाए जाने के घटनाक्रम पर फीडबैक लिया जा सकता है। इसके अलावा सरकार के भीतर और संगठन से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श संभव है।

मुख्यमंत्री हाल ही में विदेश दौरे से लौटे हैं, जहां उन्होंने राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को आमंत्रित किया था। ऐसे में इस बैठक में औद्योगिक विकास से जुड़े प्रस्तावों पर भी खास फोकस रह सकता है।

खासतौर पर मोहाली और आसपास के इलाकों में उद्योगों को बढ़ावा देने की योजनाएं चर्चा का मुख्य केंद्र बन सकती हैं। उम्मीद की जा रही है कि बैठक के बाद कुछ महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा भी की जा सकती है।