देश भगत यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन को लेकर अमलोह से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरिंदर सिंह गैरी बड़िंग की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। \\\’आप\\\’ नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार और हरियाणा के मुख्यमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक गैरी बड़िंग ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने खुद आने की बजाय हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को इस कार्यक्रम में भेजा। उन्होंने राज्यपाल से सवाल किया कि क्या पंजाब के पास अपने मंत्रियों या नेताओं की कमी है? बड़िंग ने कहा कि गवर्नर साहब पंजाब के किसी भी मंत्री की ड्यूटी लगा सकते थे, लेकिन भाजपा के इशारे पर जानबूझकर हरियाणा के मुख्यमंत्री को पंजाब की संस्थाओं में भेजा जा रहा है ताकि पंजाब के मामलों में हरियाणा का दखल बढ़ाया जा सके।
विधायक बड़िंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अपना दौरा रद्द करके वापस लौटना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब की पवित्र धरती और शैक्षणिक संस्थानों में भाजपा के ऐसे नेताओं को बिल्कुल भी घुसने नहीं दिया जाएगा जो हमेशा पंजाब के हितों के खिलाफ खड़े होते हैं।
इस दौरान बड़िंग ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि यह समझौता पंजाब के किसानों और व्यापारियों को बर्बाद करने की एक और कोशिश है। इस समझौते में पंजाब की किसानी को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने एलान किया कि भाजपा के किसी भी मंत्री या बाहरी राज्य के नेता के पंजाब में आने पर इसी तरह घेराव किया जाएगा।





Promote our brand and get paid—enroll in our affiliate program!