भिंडी सैदां थाने केस में NIA की एंट्री, आतंकी साजिश की गहराई से जांच

भिंडी सैदां थाने केस में NIA की एंट्री, आतंकी साजिश की गहराई से जांच

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अमृतसर के भिंडी सैदां थाना परिसर में हुए धमाके की जांच अपने हाथ में लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। सीमा से सटे इस इलाके में हुई घटना को गंभीर मानते हुए एजेंसी हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

जांच के तीसरे दिन NIA की टीम भिंडी सैदां थाना पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर पूरे घटनाक्रम को दोबारा तैयार किया। इस दौरान टीम ने संभावित हमलावरों की गतिविधियों को समझने के लिए सीन रीक्रिएशन भी करवाया।

मौके से मिले सबूतों में मोटरसाइकिल के टायरों के निशान अहम माने जा रहे हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। शुरुआती जांच में इस हमले के पीछे सीमा पार से साजिश की आशंका जताई जा रही है, जिसमें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

इसी बीच एक आतंकी संगठन खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी ने सोशल मीडिया के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। संगठन द्वारा साझा किया गया कथित वीडियो भी जांच एजेंसियों के रडार पर है।

पहले जहां पुलिस सीमित दायरे में जांच कर रही थी, वहीं अब NIA के जुड़ने से मामले की जांच व्यापक स्तर पर शुरू हो गई है। एजेंसी तकनीकी और खुफिया इनपुट के जरिए पूरे नेटवर्क को उजागर करने की कोशिश में जुटी है।